
HP Weather: हिमाचल में नए साल पर बर्फबारी की आस, 30 से बदलेगा मौसम
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में नए साल पर बर्फबारी की आस पूरी होने की उम्मीद जगी है। मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर से मौसम बदलेगा और 1 जनवरी तक मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, मैदानी जिलों में मौसम साफ रहेगा। निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में 29 दिसंबर तक कोहरा छाए रहने का ऑरेंज और 30 को येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, लाहौल के शिंकुला दर्रा, रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर शुक्रवार सुबह बर्फबारी हुई। मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर, चंबा और ऊना में बादल छाए रहे। इससे ठंड बढ़ गई है। रोहतांग और शिंकुला दर्रा के लिए फोर बाई फोर वाहनों की आवाजाही जारी है। शुक्रवार को भी सैकड़ों सैलानी शिंकुला दर्रा पहुंचे। बादल छाए रहने से किसानों-बागवानों को बारिश होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें :हिमाचल में अस्पतालों में उपचार के लिए भटकते रहे मरीज, ऑपरेशन ठप
उधर, शिमला समेत अधिकांश इलाकों में शुक्रवार दोपहर तक बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में अधिक बदलाव नहीं आया है। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
वहीं, अधिकतम तापमान भी अधिकांश स्थानों पर सामान्य से 3 से 7 डिग्री अधिक रहा। ऊंचे इलाकों में अधिकतम तापमान 8 से 17 डिग्री, मध्य पहाड़ियों में 14 से 23 डिग्री और मैदानी इलाकों में 18 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। ऊना में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के सुंदरनगर और मंडी में घना कोहरा छाया रहा, जबकि बिलासपुर में हल्का कोहरा दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी निचले पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में देर रात और सुबह के समय घने से बहुत घने कोहरे की संभावना जताई है।
वहीं, मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 30 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। अगले 48 घंटों में मध्य और उच्च पर्वतीय इलाकों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले कुछ दिनों में तापमान और गिर सकता है। मौसम विभाग ने घने कोहरे के चलते वाहन चालकों को सतर्क रहने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी है।


Author: Polkhol News Himachal









