
अटल बिहारी वाजपेई का जीवन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए विचार, संस्कार और संकल्प की प्रेरणा : राजेंद्र राणा
पोल खोल न्यूज़। सुजानपुर/ हमीरपुर
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई का जीवन प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। यह विचार प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने गुरुवार को सुजानपुर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित अटल बिहारी वाजपेई जन्म जयंती कार्यक्रम के दौरान मीडिया के समक्ष व्यक्त किए।
राजेंद्र राणा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई न केवल भाजपा के मजबूत स्तंभ थे, बल्कि वे भारतीय राजनीति में ईमानदारी, दूरदर्शिता और राष्ट्रवाद की पहचान थे। वे तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने—चाहे उनका कार्यकाल 13 दिन का रहा हो, 6 महीने का या फिर पूरे 5 वर्षों का—हर बार उन्होंने केवल और केवल राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता दी। उन्होंने कभी भी व्यक्तिगत स्वार्थ या सत्ता के लालच में कोई निर्णय नहीं लिया।
ये भी पढ़ें: नशे के खिलाफ सभी वर्ग आगे आएं, तभी बनेगा नशा मुक्त हिमाचल : रंजीत सिंह राणा
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई ऐसे नेता थे जिनका सम्मान सभी राजनीतिक दल करते थे। उनकी वाणी में शालीनता, विचारों में स्पष्टता और व्यवहार में विनम्रता थी, यही कारण है कि आज भी उन्हें भारतीय राजनीति का अजातशत्रु कहा जाता है।
कार्यक्रम में विधायक इंद्र दत्त लखनपाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अटल जी को श्रद्धा सुमन अर्पित कर की गई। विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने अटल जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला।
अटल जयंती के अवसर पर सुजानपुर सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरित कर उनका हालचाल भी जाना गया।


Author: Polkhol News Himachal









