
टौणी देवी : सेवा, समर्पण और सम्मान के साथ मनाई गई अटल जयंती
अटल प्रेम सेवा संस्था ने मरीजों को फल और प्रसाद बांटकर अटल जी को किया नमन
रजनीश शर्मा । हमीरपुर
भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर अटल प्रेम सेवा संस्था द्वारा सेवा, समर्पण और सामाजिक सौहार्द का प्रेरक संदेश देते हुए विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। संस्था ने टोनी देवी अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को फल वितरित किए, वहीं टोनी देवी बाजार में हलवा व चने का प्रसाद बांटकर अटल जी के जनसेवा और मानवीय मूल्यों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
इस अवसर पर समाज के प्रति उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ सहयोगियों को सम्मानित कर उनके अनुभव और सेवाभाव को नमन किया गया। सम्मानित होने वालों में तुलसीराम चौहान, सूबेदार अनंतराम चौहान, करतार चंद चौहान, पुन्नू राम, हेम राज, मेघ राज, जोगिंदर सिंह, आशा रानी, सिमरो देवी सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल रहे। संस्था ने सभी वरिष्ठ सहयोगियों के मार्गदर्शन और सामाजिक योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष विजय महल ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि विचारों के कवि, संवेदनशील मानवतावादी और राष्ट्रनिर्माण के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने देश की एकता, अखंडता, सुशासन, विदेश नीति और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। अटल जी का जीवन सादगी, संवाद और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाजसेवा, जरूरतमंदों की सहायता और राष्ट्रहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
इस दौरान संस्था के उपाध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, महासचिव पवन शर्मा, सचिव अनिल शर्मा, कोषाध्यक्ष कपिल मोहन शर्मा, अमरदीप राणा, मेहर सिंह चौहान, ईश्वर दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
Author: Polkhol News Himachal










