best news portal development company in india

हिमाचल प्रदेश में इस बार व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद कम, दारचा-शिंकुला सड़क बंद

SHARE:

हिमाचल प्रदेश में इस बार व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद कम, दारचा-शिंकुला सड़क बंद

पोल खोल न्यूज़ | शिमला

रोहतांग, शिंकुला दर्रा, बारालाचा, कुंजम दर्रा और चंबा की चोटियों पर रविवार को बर्फबारी हुई। वहीं, कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार धीमी रही। बता दें कि कोहरे के कारण ऊना में ट्रेनें आधा घंटा देरी से पहुंचीं। कोहरे के कारण सुबह के समय वाहन चालकों को भी दिक्कतें आईं।

वहीं, मौसम शुष्क रहने और व्यापक बर्फबारी न होने से इस बार शिमला, मनाली सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर व्हाइट क्रिसमस की भी उम्मीद कम है। 27 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान और तापमान में गिरावट के संकेत मिले हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 25 दिसंबर तक कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।

ये भी पढ़ें :चमियाना में बच्चों के लिए स्थापित होगा एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर : मुख्यमंत्री सुक्खू

शिंकुला दर्रे पर हिमपात के बाद दारचा-शिंकुला सड़क को प्रशासन ने बंद कर दिया है। रविवार को पर्यटक शिंकुला नहीं पहुंच पाए। हालांकि पर्यटकों ने फोर बाई फोर वाहनों में दारचा से करीब 28 किलोमीटर दूर शिंकुला दर्रा के नीचे जांस्कर समदो पहुंचकर बर्फ का लुत्फ उठाया। यहां से शिंकुला करीब 15 किलोमीटर दूर है। भरमौर, चुराह व पांगी की ऊपरी पहाड़ियों पर रविवार को हिमपात हुआ।

निचले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बाद आसमान पर बादल छाए रहे। इससे ठंड काफी बढ़ गई है। प्रदेश में रविवार को न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं हुआ।

वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 22 से 26 दिसंबर के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान अगले 3–4 दिनों में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। अधिकतम तापमान में भी आगामी दिनों में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के संकेत हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बिलासपुर और मंडी जिलों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास मंडी के बल्ह घाटी क्षेत्र में सुबह व देर रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

 

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now