
भोरंज के विधायक सुरेश कुमार को प्रदेश से बाहर भी मिल रहा सम्मान, खरड़ में हिमाचली समाज ने किया भव्य अभिनंदन
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
भोरंज विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सुरेश कुमार को न केवल अपने क्षेत्र बल्कि प्रदेश की सीमाओं से बाहर भी व्यापक मान-सम्मान और स्नेह मिल रहा है। कांग्रेस पार्टी में उन्हें मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनहित सभाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी उनकी व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाती है।
इसी क्रम में पंजाब के खरड़ में हिमाचल जनहित महासभा द्वारा आयोजित सम्मेलन में विधायक सुरेश कुमार को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर उन्होंने पंजाब में रह रहे हिमाचली प्रवासियों से आत्मीय संवाद किया और उनके साथ अपने विचार साझा किए।

सम्मेलन के दौरान महासभा द्वारा समाज सेवा, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने के प्रयासों की विधायक ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहकर समाज के समग्र उत्थान के लिए कार्य करना ही किसी भी संगठन की सच्ची पहचान होती है।

कार्यक्रम में मिले सम्मान और स्नेह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विधायक सुरेश कुमार ने महासभा के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का हृदय से धन्यवाद किया। यह आयोजन न केवल हिमाचली समाज की एकजुटता का प्रतीक बना, बल्कि विधायक सुरेश कुमार के जनसरोकारों और सामाजिक प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।
Author: Polkhol News Himachal









