
महिलाओं को ठगने का काम कर रही है कांग्रेस सरकार : डेजी ठाकुर
रजनीश शर्मा | हमीरपुर
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला हमीरपुर की परिचयात्मक संगठनात्मक बैठक बसंत रिज़ॉर्ट हमीरपुर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। यह महिला मोर्चा जिला हमीरपुर की नवनियुक्त कार्यकारिणी की पहली औपचारिक परिचय बैठक थी, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अध्यक्ष अर्चना चौहान ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का परिचय करवाते हुए आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और लक्ष्यों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि डेजी ठाकुर ने महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि महिला मोर्चा को संगठनात्मक गतिविधियों में और अधिक मजबूती के साथ सक्रिय होना होगा, ताकि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने वर्तमान कांग्रेस पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महिलाओं से किए गए वादे पूरे नहीं किए गए हैं। झूठी गारंटियों और वादों के सहारे सत्ता में आई यह सरकार महिलाओं के साथ लगातार धोखा कर रही है।
ये भी पढ़ें:एनआईटी हमीरपुर का 16वां दीक्षांत समारोह 22 दिसंबर को, 93% प्लेसमेंट, ₹3.40 करोड़ का रिकॉर्ड पैकेज
डेजी ठाकुर ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा अब सड़कों पर उतरकर सरकार की वास्तविकता को उजागर करेगा और जनता के सामने कांग्रेस का झूठा चेहरा बेनकाब करेगा। उन्होंने संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि जिले के प्रत्येक बूथ पर कम से कम 10 महिलाओं को संगठन से जोड़ा जाए, ताकि महिला मोर्चा की ताकत जमीनी स्तर पर दिखाई दे।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। केंद्र की भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिनसे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
बैठक में महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, विधायक आशीष शर्मा, विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, महामंत्री अजय रिंटू, महिला मोर्चा जिला महामंत्री अंजू कुमारी, जिला परिषद अध्यक्ष बबली देवी सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त राजकुमारी, अनीता गर्ग, कनिष्क चोपड़ा, नीलम अरोड़ा, नीरू मिश्रा, अंजना कुमारी, सपना सोनी, अलका ठाकुर, उषा चौहान, सुनीता, कांता शर्मा, रीना, अंजना ठाकुर सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहीं। बैठक के अंत में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया तथा महिला मोर्चा की सक्रिय भूमिका को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।


Author: Polkhol News Himachal









