best news portal development company in india

नशे के खिलाफ ऊना पुलिस की बड़ी कामयाबी: मेडिकल स्टोर संचालक के घर से 2330 प्रतिबंधित कैप्सूल और 24.34 लाख रुपये नकद बरामद

SHARE:

नशे के खिलाफ ऊना पुलिस की बड़ी कामयाबी: मेडिकल स्टोर संचालक के घर से 2330 प्रतिबंधित कैप्सूल और 24.34 लाख रुपये नकद बरामद

पोल खोल न्यूज। ऊना 

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ऊना पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है।  अंब क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर संचालक के घर पर की गई छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और लाखों रुपये की नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई से पूरे अंब क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अंब के नेहरियां रोड क्षेत्र में स्थित एक मेडिकल स्टोर का संचालक अपने घर से नशीली दवाओं का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर ऊना पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। इंस्पेक्टर रजत शर्मा की अगुवाई में टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी के घर पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर में रखी एक लकड़ी की अलमारी की तलाशी ली, जिसमें से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। गिनती करने पर कुल 2330 नशीले कैप्सूल पाए गए। इसके साथ ही मौके से 24 लाख 34 हजार 430 रुपये नकद भी जब्त किए गए, जिसे पुलिस नशीली दवाओं की अवैध बिक्री से अर्जित धन मान रही है।
छापेमारी की सूचना फैलते ही पूरे अंब क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस टीम देर शाम तक आरोपी के घर पर मौजूद रही और बारीकी से जांच-पड़ताल करते हुए साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
एसपी ऊना ने बताया कि 35 वर्षीय आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और प्रतिबंधित दवाएं कहां से लाई गई थीं और इस अवैध कारोबार के पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस और ड्रग विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई को नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में बड़ी सफलता माना जा रहा है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में विशेष रूप से बस स्टैंड, शिक्षण संस्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों के आसपास स्थित संदिग्ध मेडिकल स्टोरों की नियमित और सघन जांच की जाएगी, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके।

इन्फो बॉक्स

कार्रवाई का विवरण

स्थान: अंब, जिला ऊना
कार्रवाई एजेंसी: ऊना पुलिस व ड्रग विभाग
बरामद नशीले कैप्सूल: 2330
जब्त नकदी: ₹24,34,430
आरोपी की आयु: 35 वर्ष
कार्रवाई का नेतृत्व: इंस्पेक्टर रजत शर्मा

पुलिस का फोकस

बस स्टैंड और शिक्षण संस्थानों के आसपास स्थित मेडिकल स्टोर
संदिग्ध दवाओं की बिक्री पर कड़ी निगरानी
नशा तस्करी नेटवर्क की गहन जांच

 

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now