
बारीं और टपरे पंचायतें नशे के खिलाफ मिलकर लड़ेंगीं, दोनों पंचायतों ने बनाई टास्क फोर्स
पोल खोल न्यूज़ | टौणी देवी/ हमीरपुर
नशे विशेषकर चिट्टे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में बारीं और टपरे पंचायतें भी पूरे दम खम के साथ उतर गई है। युवा पीढ़ी पर विशेष नजर रखी जाएगी और नशेड़ियों को सलाखों के पीछे धकेला जाएगा। इसके लिए दोनों पंचायतों ने टास्क फोर्स भी बनाई है। ग्राम पंचायत बारीं के प्रधान रविंद्र ठाकुर ने बताया कि दोनों पंचायतों के प्रधानों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला मंडलों, आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की गई जिसमें सामूहिक फैसला लिया गया। गांव के साथ ही टौणी देवी बाजार में भी विशेष नजर रखने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने फिलहाल संतोष जताया कि इलाके में अभी तक चिट्टे का एक भी मामला सामने नहीं आया है, फिर भी सभी को आगे भी सतर्क रहने की हिदायत दी गई। स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चों पर अभिभावक पूरी नज़र रखे। जिससे भविष्य को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया जा सके। सभी अपने गांव में संदिग्ध लोगों पर भी विशेष नजर रखेंगे। सभी ने एक स्वर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया। बैठक में बारीं पंचायत प्रधान रविंद्र ठाकुर, टपरे के प्रधान दिवान चंद, वार्ड सदस्य ओम प्रकाश, स्वास्थ्य कार्यकर्ता शिल्पा चंदेल, महिला मंडल दरकोटी की प्रधान सिमरो देवी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता छत्रैल प्रोमिला देवी, चाहड़ की सुनीता देवी, बारी की वीरेन्द्रा कुमारी, झनिकर की कुसुम लता, टपरे की सविता, आशा वर्कर पूनम कुमारी, पूजा कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Author: Polkhol News Himachal









