
भोरंज की खरवाड़ पंचायत में रेबीज का खतरा: एक कुत्ते ने छह लोगों को काटा, एक की हालत गंभीर
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
उपमंडल भोरंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत खरवाड़ और आसपास के क्षेत्रों में एक आक्रामक कुत्ते के आतंक से दहशत का माहौल बन गया है। बुधवार को इस कुत्ते ने अलग-अलग स्थानों पर करीब छह लोगों को काट लिया, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुत्ते में रेबीज (जलांतक) के स्पष्ट लक्षण दिखाई दे रहे थे। बताया जा रहा है कि इस कुत्ते ने खरवाड़ बाजार, झरलोग और अन्य क्षेत्रों में लोगों के साथ-साथ कुछ लावारिस कुत्तों को भी काटा, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका और बढ़ गई है।
घायलों में लक्ष्मी, गायत्री देवी, निर्मला, कुसुमलता सहित अन्य शामिल हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए भोरंज स्वास्थ्य संस्थान लाया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। निर्मला की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। पंचायत ने विशेष रूप से बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की सलाह दी है।
चेतावनी: रेबीज जानलेवा बीमारी है
रेबीज एक घातक वायरस संक्रमण है, जो कुत्ते या किसी भी संक्रमित जानवर के काटने से फैलता है। समय पर इलाज न मिलने पर यह मृत्यु का कारण बन सकता है।
क्या करें, अगर कुत्ता काट ले? (तत्काल उपाय)
- काटे गए स्थान को तुरंत 15 मिनट तक साबुन और साफ पानी से धोएं
- झाड़-फूंक या देसी उपचार से बचें
- तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाएं
ये भी पढ़ें : हिमाचल हाई कोर्ट का सख्त रुख: पूर्व जजों के एरियर मामले में वित्त सचिव को गुमराह करने पर दंडित करने का फैसला
- घाव को खुला रखें, बिना डॉक्टर की सलाह पट्टी न करें
- कुत्ते की जानकारी पंचायत या प्रशासन को तुरंत दें
नुकसान और खतरे
- रेबीज फैलने से मानव जीवन को सीधा खतरा
- बच्चों और बुजुर्गों पर सबसे ज्यादा जोखिम
- लावारिस कुत्तों में संक्रमण फैलने से पूरे क्षेत्र में महामारी का खतरा
- ग्रामीणों में डर, आवाजाही और व्यापार प्रभावित
इन्फो बॉक्स
स्थान: ग्राम पंचायत खरवाड़, उपमंडल भोरंज
घटना: एक कुत्ते द्वारा 6 लोगों को काटा
घायल: 6
रेफर: 1 (मेडिकल कॉलेज हमीरपुर)
उपचार: एंटी-रेबीज टीकाकरण
आशंका: कुत्ते में रेबीज के लक्षण
अपील: बच्चों को अकेले बाहर न भेजें, सतर्क रहें
प्रशासन से मांग
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से आवारा व पागल कुत्तों पर तत्काल नियंत्रण, विशेष अभियान चलाने और टीकाकरण व पकड़ अभियान तेज करने की मांग की है।


Author: Polkhol News Himachal









