best news portal development company in india

चिट्टे के खिलाफ मंगलवार को ब्वायज स्कूल ग्राउंड से दोसड़का तक निकलेगी विशाल रैली , ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट, एसपी हमीरपुर  ने दी जानकारी 

SHARE:

चिट्टे के खिलाफ मंगलवार को ब्वायज स्कूल ग्राउंड से दोसड़का तक निकलेगी विशाल रैली , ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट, एसपी हमीरपुर  ने दी जानकारी 

रजनीश शर्मा । हमीरपुर 

प्रदेश सरकार के चिट्टा विरोधी अभियान के तहत 16 दिसंबर को हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा एक विशाल मैगा वॉकथॉन का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों सहित करीब 10 हजार से अधिक लोगों के भाग लेने की संभावना है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने  पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि यह मैगा वॉकथॉन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में आयोजित होगी। पदयात्रा शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड से शुरू होकर नादौन चौक, गांधी चौक, मुख्य बाजार, भोटा चौक और हथली खड्ड पुल होते हुए दोसड़का स्थित पुलिस मैदान में संपन्न होगी। यहां मुख्यमंत्री प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।

उन्होंने बताया कि वॉकथॉन से पहले ब्वायज स्कूल मैदान में पुलिस के प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा ‘हार्मनी ऑफ पाइन्स’ द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आगमन पर सभी प्रतिभागियों को चिट्टा के खिलाफ शपथ दिलाई जाएगी, जिसके बाद पदयात्रा आरंभ होगी।

एसपी ने स्पष्ट किया कि पदयात्रा के दौरान हमीरपुर शहर में यातायात पूर्ण रूप से बंद रहेगा। सभी वाहनों को अणु, पक्का भरो और मट्टनसिद्ध की ओर से बाईपास मार्गों की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। केवल एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को ही शहर में प्रवेश की अनुमति होगी।

वॉकथॉन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को लाने वाले सभी वाहनों की पार्किंग बहुतकनीकी कॉलेज बड़ू के मैदान में की जाएगी। अणु की ओर से आने वाले वाहन कैप्टन मृदुल चौक पर प्रतिभागियों को उतारकर बड़ू की ओर भेजे जाएंगे, जबकि दोसड़का की ओर से आने वाले वाहन बस स्टैंड पर प्रतिभागियों को उतारकर वापस बड़ू की ओर जाएंगे।

एसपी ने बताया कि जैसे ही पदयात्रा भोटा चौक से हथली की ओर आगे बढ़ेगी, वैसे ही शहर में ट्रैफिक को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जाएगा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सुजानपुर और नादौन की ओर जाने वाले प्रतिभागियों को दोसड़का चौक, जबकि भोटा और भोरंज की ओर जाने वालों को दोसड़का से आगे उनके वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे।

प्रेस वार्ता में एएसपी राजेश कुमार भी उपस्थित रहे। एसपी ने आम जनता से अपील की कि वे यातायात व्यवस्था में सहयोग करें और चिट्टा के खिलाफ इस जनआंदोलन को सफल बनाएं।


📌 इन्फो बॉक्स : मैगा वॉकथॉन – हमीरपुर

  • आयोजन : हिमाचल प्रदेश पुलिस
  • तारीख : 16 दिसंबर 2025
  • उद्देश्य : चिट्टा (नशा) के खिलाफ जनजागरूकता
  • शुरुआत स्थल : ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड, हमीरपुर

 

  • समापन स्थल : पुलिस मैदान, दोसड़का
  • मुख्य अतिथि : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू
  • अनुमानित प्रतिभागी : 10,000+
  • रूट : नादौन चौक – गांधी चौक – मुख्य बाजार – भोटा चौक – हथली पुल
  • ट्रैफिक व्यवस्था : शहर में पूर्ण डायवर्जन, केवल आपात सेवाएं अनुमति
  • पार्किंग : बहुतकनीकी कॉलेज बड़ू
  • विशेष आकर्षण : ‘हार्मनी ऑफ पाइन्स’ ऑर्केस्ट्रा

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now