
विद्यालय का गौरव- सुहानी शर्मा राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित
पोल खोल न्यूज़ | हमीरपुर

यह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी, जिला हमीरपुर के लिए अत्यंत गर्व और गौरव का क्षण है कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा वर्ष 2025 में संचालित कक्षा +2 की परीक्षा में प्रदेश भर में चौथा स्थान प्राप्त करने वाली विद्यालय की मेधावी छात्रा सुहानी शर्मा को प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु द्वारा मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने बताया कि यह पूरे विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि गाँव कोहलविन निवासी सतीश कुमार की होनहार पुत्री सुहानी शर्मा ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर प्रदेश स्तर पर यह उत्कृष्ट स्थान हासिल किया है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि सुहानी की यह सफलता उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने का साहस रखते हैं। मंडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु ने सुहानी शर्मा को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियाँ आज शिक्षा, खेल, विज्ञान और हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। सुहानी जैसी प्रतिभाशाली छात्राएँ आने वाले समय में समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। मुख्यमंत्री ने छात्रा के माता-पिता और शिक्षकों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। सूहानी शर्मा की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता का मार्गदर्शन, शिक्षकों का सतत सहयोग और स्वयं सुहानी की अथक मेहनत प्रमुख आधार रहा है।
सुहानी ने बताया कि उसने नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास को अपनी सफलता की कुंजी बनाया। शिक्षकों द्वारा समय-समय पर किए गए मार्गदर्शन और परीक्षा में उत्तर लेखन की सही रणनीति ने भी उसे यह मुकाम हासिल करने में मदद की। वहीँ प्रधानाचार्य ने बताया कि पाठशाला निरंतर शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करती आ रही है। विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। सुहानी की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि सही दिशा, सकारात्मक वातावरण और मेहनत का संगम हो तो किसी भी विद्यार्थी के लिए ऊँचाइयों को छूना संभव है।
सुहानी के माता-पिता ने कहा कि उनकी बेटी की मेहनत रंग लाई है और वे इस सम्मान से अत्यंत भावुक और प्रसन्न हैं। सुहानी शर्मा की यह सफलता न केवल उसके परिवार और विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे हमीरपुर जिले के लिए भी एक प्रेरणादायी उदाहरण है। यह उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी अगर सही मार्गदर्शन और मेहनत के साथ आगे बढ़ें, तो वे किसी भी स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।


Author: Polkhol News Himachal









