
“मंडी में रौशनियां, प्रदेश की अर्थव्यवस्था अंधेरे में”—राणा का तीखा वार
रजनीश शर्मा । हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर मंडी में आयोजित जश्न को “विफलताओं का प्रदर्शन” करार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार जहां मंचों पर जश्न मना रही है, वहीं प्रदेश की वित्तीय स्थिति कर्ज और आर्थिक अराजकता से कराह रही है।
अपने बयान में राणा ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले जनता से की गई कांग्रेस की गारंटियां आज हवा हो चुकी हैं। कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का बकाया नहीं मिला, पेंशनरों के हक़ मारे जा रहे हैं और उनके मेडिकल बिल महीनों से लंबित हैं। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार के लिए ठोकरें खा रहे हैं, जबकि ठेकेदारों का भुगतान रोककर उन्हें आर्थिक संकट में धकेला जा रहा है।
राणा ने सरकार पर “घोटालों की खुली छूट” देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नाक के नीचे एक के बाद एक लूट के मामले सामने आ रहे हैं और मित्रों को लाभ पहुंचाने की नीतियां खुलकर चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कांग्रेस के अपने विधायक ही असंतोष में हैं और आपस में आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं, जिससे सरकार की अंदरूनी कलह उजागर हो रही है।
राणा ने मंडी में जश्न मनाए जाने को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस जिले ने प्राकृतिक आपदा का सबसे ज्यादा दर्द झेला, उसी जगह सरकार का जश्न मनाना पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। भीड़ जुटाने के लिए अधिकारियों को लाभार्थियों को रैली में भेजने के निर्देश देना सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विकास के पहिए को कई दशक पीछे धकेल कर प्रदेश को कर्ज के दलदल में उतार दिया है और अब जनता के टैक्स के पैसों पर जश्न मना रही है।
राणा ने दावा किया कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस सरकार को उसके फैसलों तथा नीतियों का कड़ा जवाब मिलेगा।
राणा ने स्पष्ट कहा—“यह जश्न नहीं, कांग्रेस सरकार की विफलताओं की नुमाइश है।”
Author: Polkhol News Himachal









