
संकल्प रैली में कांग्रेस तीन साल का रिपोर्ट-कार्ड पेश करेगी, भाजपा के ‘षड्यंत्रों’ का होगा पर्दाफाश : प्रेम कौशल
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित संकल्प रैली को लेकर प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने व्यापक तैयारियाँ कर ली हैं। मीडिया को जारी बयान में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि रैली के माध्यम से सरकार जनता के प्रति की गई सेवाओं और विकास कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा सामने रखेगी। साथ ही इन तीन वर्षों में भाजपा नेताओं द्वारा किए गए “षड्यंत्रों एवं जनविरोधी राजनीतिक क्रिया-कलापों” को भी जनता के समक्ष उजागर किया जाएगा।
कौशल ने कहा कि बीते तीन वर्षों में प्रदेश ने इतिहास की सबसे भयावह प्राकृतिक आपदाओं का सामना किया, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस सरकार ने भाजपा नेताओं की नकारात्मक राजनीति, केंद्र सरकार की भेदभावपूर्ण नीतियों और असहयोग के बीच भी प्रभावितों को राहत देने तथा बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण में सफलता हासिल की।
उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद सरकार ने प्रदेश को हर दृष्टि से आगे बढ़ाने का कार्य किया है। आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में अनेक सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं।
प्रेम कौशल ने आरोप लगाया कि जहाँ कांग्रेस पार्टी और सरकार ने सकारात्मक सोच व जनहित को प्राथमिकता दी, वहीं भाजपा नेता “सरकार को अस्थिर करने के षड्यंत्रों” में व्यस्त रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को गिराने की महत्वाकांक्षा ने स्वयं भाजपा को कई टुकड़ों में बाँट दिया।
उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपाइयों के अनेक षड्यंत्रों के बावजूद जनता ने बार-बार कांग्रेस पार्टी पर भरोसा जताया है।
Author: Polkhol News Himachal









