
जन संकल्प सम्मेलन के लिए हमीरपुर से बड़ा काफिला रवाना होगा, 106 बसों व विशेष प्रबंधों से पहुंचेगे लाभार्थी
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर वीरवार को मंडी में होने वाले जन संकल्प सम्मेलन में हमीरपुर जिला से भी बड़ी संख्या में लाभार्थियों और लोगों के पहुंचने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन ने लोगों की आवागमन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 106 बसें तथा 100 से अधिक छोटे वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित की है।

बुधवार को उपायुक्त अमरजीत सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एसडीएम और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बताया कि बसों में जाने वाले सभी यात्रियों के लिए अलग-अलग स्थानों पर सुबह के नाश्ते, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं का इंतजाम किया गया है, जबकि दोपहर का पैक्ड भोजन सम्मेलन स्थल मंडी में ही वितरित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : हिमाचल में बदलेगी सफर की तस्वीर: HRTC के बेड़े में 297 नई इलेक्ट्रिक बसें
उपायुक्त ने बताया कि सभी उपमंडलों के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और बसों के रूट तय कर दिए गए हैं। किसी भी तरह की समस्या आने पर संबंधित अधिकारी तुरंत सहायता प्रदान करेंगे। बसों पर विशेष स्टिकर लगाए जा रहे हैं ताकि लोग अपनी बसें दूर से पहचान सकें।
मंडी में पार्किंग व वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए वहां के नोडल अधिकारियों के साथ भी निरंतर समन्वय किया जा रहा है।
बैठक में एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा, एचआरटीसी डीएम राजकुमार पाठक, डीआरडीए परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। भोरंज, सुजानपुर और बड़सर के एसडीएम ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।


Author: Polkhol News Himachal









