
हमीरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई—तकनीक ने जोड़ी कड़ियां, बेटी निकली घर की चोरी की गुनहगार
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
थाना सदर हमीरपुर क्षेत्र में घर में हुई चोरी की गुत्थी को हमीरपुर पुलिस ने आधुनिक तकनीक और त्वरित कार्रवाई के दम पर सुलझा लिया है। पीड़िता सुमना देवी, गांव रोपा, ने पुलिस को शिकायत दी थी कि दिनांक 27 नवंबर की रात उनके घर से सोने–चांदी के गहने और नकदी चोरी हो गई।
शिकायत मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश शर्मा के दिशानिर्देशन में एस एच ओ इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह और थाना सदर की टीम हरकत में आ गई। पुलिस ने तुरंत मौके का निरीक्षण किया, बयान दर्ज किए और मोबाइल कॉल डिटेल सहित तकनीकी पहलुओं का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान पीड़िता की बेटी कोमल पर संदेह गहराता गया, जिसे पूछताछ के लिए बुलाया गया। साक्ष्यों के दबाव में कोमल ने आखिरकार चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर बरनाला (पंजाब) से करीब 17 लाख रुपये के सोने–चांदी के गहने बरामद करने में सफलता मिली।
पुलिस की इस उपलब्धि को तकनीक, पेशेवर जांच और त्वरित कार्रवाई का बेहतरीन उदाहरण बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी हमीरपुर पुलिस की तत्परता और कार्यकुशलता की सराहना की है। मामले की आगे की जांच जारी है। एस पी हमीरपुर बलवीर सिंह ने मामले , जांच और गिरफ्तारी की पुष्टि की है।


Author: Polkhol News Himachal









