
बर्तनों की दुकान में अचानक लगी आग, बड़ा हादसा टला
पोल खोल न्यूज़ । कांगड़ा
पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर नूरपुर शहर के चौगान बाजार में शनिवार रात को अचानक एक बर्तनों की दुकान में आग भड़कने से अफरातफरी मच गई। हालांकि, हादसे के वक्त बाजार की ज्यादातर दुकानें बंद हो चुकी थी, लेकिन कुछेक दुकानदार सामान समेटकर घर जाने की तैयारी में लगे थे। उसी समय एक पड़ोसी दुकानदार ने बर्तन की दुकान से धुआं निकलता देखा। उसके शोर मचाने पर पड़ोस के लोग व दुकानदार मौके पर पहुंचे और तुंरत बिना वक्त गंवाए पास के कुंए से पानी लाकर आग बुझाने में जुट गए।
वहीं, इस बीच स्थानीय दुकानदारों ने फायर बिग्रेड को दुकान में आग लगने की सूचना दी। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त मौके पर मौजूद दुकानदारों व स्थानीय लोगों ने वक्त रहते पानी डालकर आग को ज्यादा फैलने नहीं दिया और फायर बिग्रेड के पहुंचने तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। अन्यया आग फैलने से रात के वक्त बाजार में बड़ा हादसा पेश आ सकता था। क्योंकि आग की चपेट में आई बर्तनों की दुकान के एक तरफ साथ लगती दुकान में पटाखे रखे हुए थे और दूसरी तरफ फर्नीचर का बड़ा शोरूम था।
ये भी पढ़ें:माैसम ने बदली करवट, रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी
हादसे के वक्त पीड़ित दुकानदार मनू मेहरा दुकान का सामान लाने के लिए पठानकोट गया हुआ था। स्थानीय दुकानदारों ने फोन पर आग लगने की सूचना दी। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है, लेकिन इस आगजनी से पीड़ित दुकानदार को करीब एक-डेढ़ लाख रुपये का नुक्सान होने की आशंका जताई जा रही हैं।


Author: Polkhol News Himachal









