
धर्मशाला में भारत–दक्षिण अफ्रीका T-20 मुकाबला, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा : अर्चना चौहान
पोल खोल न्यूज़ | हमीरपुर
हमीरपुर जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना चौहान ने कहा कि धर्मशाला में 14 दिसंबर को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच T-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी लाखों क्रिकेट प्रेमियों के धर्मशाला पहुंचने की संभावना है, जिससे स्थानीय लोगों की आमदनी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होती है। उन्होंने बताया कि दर्शकों के आने से होटल, टैक्सी, दुकानों और पर्यटन से जुड़े सभी क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलता है। क्रिकेट मैच के साथ-साथ लोग धर्मशाला की खूबसूरत वादियों का आनंद उठाने भी आते हैं, जिससे क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियों को और बढ़ावा मिलता है।
ये भी पढ़ें :कीरतपुर-मनाली फोरलेन: बलोह से सिस्सु तक हर 40 किमी पर मिलेगी सीएनजी सुविधा
अर्चना चौहान ने कहा कि धर्मशाला में लगातार इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों का आयोजन होना, चाहे T20 हो या वनडे, यह सब अनुराग सिंह ठाकुर की मेहनत और दूरदर्शिता का ही परिणाम है। उनके प्रयासों से ही धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम आज विश्वस्तरीय पहचान हासिल कर चुका है और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की पहली पसंद बन गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि धर्मशाला स्टेडियम के निर्माण और विकास के लिए अनुराग सिंह ठाकुर ने वर्षों तक मेहनत की। उनकी लगन और प्रतिबद्धता के कारण ही आज इस मैदान पर हर साल अंतरराष्ट्रीय मुकाबले आयोजित हो रहे हैं। अर्चना चौहान ने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि यहां खेल पर्यटन को इतना बड़ा प्रोत्साहन मिला है और प्रदेश दुनिया की क्रिकेट मैप में मजबूती से अपनी पहचान बना रहा है।


Author: Polkhol News Himachal









