
आंगनबाड़ी केंद्र चाहड़ में बाल विवाह मुक्त भारत पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रजनीश शर्मा | हमीरपुर

आंगनबाड़ी केंद्र चाहड़ में आज बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, अभिभावकों व बच्चों ने भाग लिया।
इस मौके पर बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर विस्तृत चर्चा हुई और बताया गया कि यह न केवल एक सामाजिक बुराई है, बल्कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के अधिकारों का उल्लंघन भी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली कि—
वे अपने परिवार व समुदाय में बाल विवाह नहीं होने देंगे, किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तुरंत पंचायत व प्रशासन को देंगे, तथा बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और विकास के लिए अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
आंगनबाड़ी केंद्र की टीम ने लोगों को बाल विवाह रोकने में सहयोग करने की अपील की और बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया।
इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारी शिल्पा चंदेल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रोमिला (छत्रैल), आशा वर्कर पूनम कुमारी और योगाभ्यास प्रशिक्षक पूजा कुमारी उपस्थित रहीं।


Author: Polkhol News Himachal









