best news portal development company in india

भट्टाकुफर में फोर-लेन निर्माण कार्य पर फिर उठे सवाल, सड़क धंसने से बच्ची गिरी गड्ढे में

SHARE:

  • भट्टाकुफर में फोर-लेन निर्माण कार्य पर फिर उठे सवाल, सड़क धंसने से बच्ची गिरी गड्ढे में

  • कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने जताई कड़ी नाराजगी, केंद्र से मांगी कार्रवाई

पोल खोल न्यूज। शिमला

शिमला में फोर-लेन निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। भट्टाकुफर चौक पर निर्माणाधीन मार्ग अचानक धंस गया, जिससे सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। घटनास्थल से गुजर रही एक बच्ची इस गड्ढे में गिर गई, जिसे स्थानीय लोगों व राहत टीम ने रस्सी की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला। इसी दौरान ऑकलैंड हाउस स्कूल की ओर जा रही HRTC की स्कूल बस का पिछला हिस्सा भी गड्ढे में लटक गया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया और सभी बच्चे सुरक्षित बच गए।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोगों ने NHAI और निर्माण कंपनी पर गंभीर लापरवाही व घटिया कार्यप्रणाली के आरोप लगाए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से कटिंग और ढलानों की सुरक्षा को लेकर अनदेखी हो रही है। इससे पहले भी यहां कई भवनों में दरारें आ चुकी हैं और कुछ इमारतें गिर चुकी हैं। आज की घटना ने लोगों के सुरक्षा संबंधी भय को और बढ़ा दिया है।

ये भी पढ़ें:हिमाचल प्रदेश में बनीं 66 दवाओं के सैंपल मानकों पर नहीं उतरे खरे

 

इस पूरे मामले पर हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि फोर-लेन निर्माण में लापरवाही लगातार सामने आ रही है, लेकिन आज की घटना “सभी सीमाएं पार करने वाली” है क्योंकि इसमें बच्चों की जान तक खतरे में पड़ गई। उन्होंने केंद्र सरकार और माननीय केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से तत्काल संज्ञान लेने और NHAI पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा, “जनता की जान के साथ ऐसा खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार हो रहीं निर्माण त्रुटियों और घटिया गुणवत्ता की जांच उच्च स्तर पर करवाई जानी जरूरी है। यदि आज समय रहते बस रुक न जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।”

उधर, स्थानीय प्रशासन ने स्थल का निरीक्षण कर निर्माण एजेंसियों से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल क्षेत्र में यातायात को डायवर्ट कर दिया गया है और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।

घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या फोर-लेन प्रोजेक्ट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही है और क्या NHAI इस गंभीर लापरवाही के लिए जवाबदेह ठहराई जाएगी।

 

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now