
नाबालिग द्वारा महिला की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण, नशे के खिलाफ अभियान और तेज होगा: विक्रमादित्य सिंह
रजनीश शर्मा । हमीरपुर
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सासन गांव में नाबालिग द्वारा महिला की हत्या को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंता का विषय करार दिया है। उन्होंने कहा कि नाबालिग का नशे की आड़ में इतना जघन्य अपराध कर देना समाज के लिए चेतावनी है।
मंत्री मंगलवार को मृतक महिला के परिजनों से मिलने सासन गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत महिला के पति—जो लोक निर्माण विभाग में कार्यरत हैं—से मुलाकात की। इसके बाद वह मृतका के दिव्यांग बच्चे से मिलने पहचान स्कूल भी गए।
हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है और ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें: अब दैनिक वेतन आधार पर काम करने वाले ओपीएस का लाभ चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को भी
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चे की देखभाल के लिए उसके पिता को विभागीय ड्यूटी के साथ-साथ विशेष समय सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि बच्चे की उचित देखभाल हो सके। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि क्षेत्र के लोग जिस सड़क की मांग लंबे समय से कर रहे हैं, उसे भी जल्द पूरा किया जाएगा।

हमीरपुर का नया बस स्टैंड जल्द होगा तैयार
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि हमीरपुर में 123 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा आधुनिक बस स्टैंड लगभग तैयार है। इसे एक कमर्शियल सेंटर के रूप में विकसित किया गया है, जहां बैंकेट हॉल, पार्किंग, कार्यालय और अन्य सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश व भूस्खलन के चलते क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत युद्धस्तर पर की जा रही है।

पंचायती राज चुनाव तय समय पर
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि चुनाव समय पर ही कराए जाएंगे। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भाजपा के आरोपों को उन्होंने खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष केवल हल्ला मचा रहा है, जबकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित है और अपराधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

Author: Polkhol News Himachal









