best news portal development company in india

हिमाचल प्रदेश में लगातार दूसरे साल नवंबर में 90 फीसदी कम बरसे बादल

SHARE:

हिमाचल प्रदेश में लगातार दूसरे साल नवंबर में 90 फीसदी कम बरसे बादल

पोल खोल न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश में लगातार दूसरे साल नवंबर में गंभीर सूखे जैसे हालात बन रहे हैं। प्रदेश में इस माह के दौरान बारिश लगभग न के बराबर हुई है। इस वर्ष अब तक सामान्य से 90 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। बीते वर्ष इस दौरान सामान्य से 99 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई थी। इससे पहले साल 2021 में सामान्य से 95 फीसदी कम बादल बरसे थे। लगातार दूसरे वर्ष बादल नहीं बरसने से प्रदेश में सूखे का दायरा बढ़ सकता है। इसका असर जल स्रोतों, कृषि, बागवानी और पेयजल पर सीधे तौर पर पड़ने वाला है।

हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में इस माह बारिश का अभाव रहा। बारिश न होने के बावजूद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पश्चिमी विक्षोभों की कमी और शुष्क हवाओं के चलते तापमान में यह गिरावट दर्ज हो रही है। सुबह-शाम ठिठुरन लगातार बढ़ रही है। बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक राज्य में 25 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। कुकुमसेरी, ताबो व केलांग का न्यूनतम पारा माइनस में दर्ज किया गया है। सुंदरनगर में घना व बिलासपुर में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें :होम स्टे पोर्टल तैयार, अब घर बैठे पंजीकरण, सीएम सुक्खू करेंगे शुभारंभ

 

कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में पानी जमना शुरू हो गया है। मनाली-लेह, शिंकुला दर्रा, कुंजम दर्रा में ब्लैक आइस जमने से वाहन चलाना खतरनाक हो गया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 26 नवंबर तक माैसम साफ रहने के आसार हैं।

वहीं रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया गया है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार वीरवार से एनएच 03 पर ग्रांफू से रोहतांग और जिंगजिंगबार से सरचू तक वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी। अब देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को रोहतांग का दीदार करने के लिए अगले छह महीनों तक इंतजार करना होगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी बढ़ती बर्फबारी, अत्यधिक ठंड और सड़क पर पानी जमने के कारण यात्रा जोखिम भरी हो गई है।

सुबह और रात के समय तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे पहुंचने से सड़क फिसलन भरी हो गई, जिससे हादसों की आशंका बढ़ गई है। इसी वजह से प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दी है। हालांकि, अटल टनल रोहतांग होकर कोकसर से लगभग छह किलोमीटर दूर ग्रांफू के आसपास लोग बर्फ का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा लाहौल आने वाले पर्यटकों के लिए सिस्सू, स्नो स्वाइंट यांगला, केलांग, उदयपुर, त्रिलोकनाथ स्थित अवलोकितेश्वर मंदिर, जिस्पा और दारचा जैसे स्थानों तक आवाजाही जारी रहेगी। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने बताया कि वीरवार से एनएच-03 पर ग्रांफू से रोहतांग और जिंगजिंगबार से सरचू तक किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now