

राजकीय माध्यमिक पाठशाला चमनेड में वार्षिक पारितोषिक समारोह उत्सवपूर्ण माहौल में सम्पन्न
मुख्य अतिथि रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

राजकीय माध्यमिक पाठशाला चमनेड में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह उत्साह और उमंग से भरपूर माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने शिरकत की।
मुख्य अतिथि के विद्यालय पहुंचने पर मुख्य अध्यापिका , समस्त स्टाफ व एसएमसी सदस्यों ने पुष्पगुच्छ एवं फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। पंचायत क्षेत्र के बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने भी डॉ. वर्मा का हर्षोल्लास के साथ अभिनंदन किया।
दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ समारोह की विधिवत शुरुआत हुई। तत्पश्चात मुख्य अध्यापिका एवं विद्यालय स्टाफ द्वारा डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा को टोपी, साल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को जीवंत कर दिया। ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ पर आधारित नाटिका ने विशेष रूप से सभी का ध्यान आकर्षित किया और बेटियों की शिक्षा व सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

अपने संबोधन में डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि चाचा नेहरू की जयंती पर मनाए जाने वाले बाल दिवस की सभी बच्चों को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनका सर्वांगीण विकास समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। स्कूल में बच्चों की प्रतिभा देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुखु के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। प्रदेश मात्र तीन वर्षों में 21वें स्थान से बढ़कर शिक्षा सूचकांक में पाँचवें स्थान पर पहुंचा है। प्रथम कक्षा से अंग्रेजी माध्यम लागू किया जाना और प्रदेश के 100 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड में बदलना ऐतिहासिक कदम हैं, जिनसे हिमाचल के विद्यार्थी राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में और मजबूत होंगे।
समारोह में पंचायत एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनमें ग्राम पंचायत प्रधान नीलम कुमारी, उपप्रधान जीवन शर्मा, पूर्व प्रधान कमल पठानिया, पूर्व उपप्रधान प्रकाश शर्मा, ज्ञानचंद शर्मा, दुर्गा दास, महेंद्र कुमार, करमचंद सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख नागरिक शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण और राष्ट्रगान के साथ हुआ।


Author: Polkhol News Himachal









