
भरेटा में महिला शक्ति का जनसमुद्र… और मंच से जयराम ठाकुर का सियासी प्रहार
पोल खोल न्यूज़। हमीरपुर

हमीरपुर के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की सराहकड पंचायत के भरेटा गांव में शनिवार का दिन महिलाओं की ऊर्जा, उल्लास और राजनीतिक तेवरों से सराबोर रहा। सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा आयोजित महिला सम्मान समारोह में रंग-बिरंगे परिधानों में सजी, लोकगीत गाती हुई महिलाओं की टोलियों का उत्साह देखने लायक था। मंच सजा था—तालियों की गड़गड़ाहट, नारे और उपस्थित महिला शक्ति का समंदर! और इसी मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जहां समाज सेवा के लिए ट्रस्ट के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की, वहीं मौजूदा सरकार पर तीर चलाने से भी पीछे नहीं हटे।
समारोह में जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ भाजपा नेता शिरकत कर रहे थे—बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा, सुजानपुर के पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राजेंद्र राणा, भोरंज की पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री तथा प्रदेश भाजपा सचिव वंदना योगी सहित अनेक गणमान्य मौजूद थे। आयोजन में तीन दर्जन से अधिक महिलाओं व मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।

*25 साल की निस्वार्थ सेवा… अब यह पौधा वटवृक्ष बन चुका है” – जयराम ठाकुर*
पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाषण में याद किया कि 18 साल पहले भी वे इसी संस्था के कार्यक्रम में आए थे। आज 25 साल बाद संस्था के कार्यों को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा संस्था ने पीड़ित मानवता की सेवा में एक इतिहास बनाया है। खुद उनके विधानसभा क्षेत्र सिराज में भी प्राकृतिक आपदा के समय संस्था के संस्थापक राजेंद्र राणा, संस्था के अध्यक्ष अभिषेक राणा और संस्था के पदाधिकारी राहत सामग्री लेकर पहुंचे थे। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर संस्था द्वारा निशुल्क मेगा मेडिकल कैंप लगाकर देश के नामी डॉक्टरों की सेवाएं जनता को मुखिया करवाई गई है।
जयराम ने कहा कि “समाज सेवा करने वाला व्यक्ति चुनाव जीते या हारे— ये मायने नहीं रखता। असल में लोग दिल तभी जीतते हैं जब बिना थके, बिना रुके मानव सेवा की जाती है। राजेंद्र राणा ने इस ट्रस्ट का जो पौधा लगाया था, उसकी खुशबू आज पूरे प्रदेश में फैली है।”

*और फिर मंच से चलीं सियासी चोटें…*
जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार ने ‘व्यवस्था परिवर्तन’ की बात तो खूब की, लेकिन काम किया सिर्फ संस्थान बंद करने का। जयराम ने आरोप लगाया कि प्रदेश में 2000 से अधिक संस्थान बंद कर दिए गए। हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन, शिलान्यास, 300 करोड़ की बिल्डिंग बनवाने का श्रेय उनकी सरकार का है, पर वर्तमान सरकार इसे चला भी नहीं पाई। वर्तमान मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में मिनी सचिवालय का निर्माण भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुआ लेकिन मुख्यमंत्री ने अपनी उपलब्धि दर्शाने के लिए यहां एक अपने नाम का फट्टा भी लगवा लिया।
उन्होंने कहा हमीरपुर मुख्यमंत्री का जिला है। कल सरकार के मुखिया भी यहीं थे। लोगों ने उनका कार्यक्रम भी देखा और आज यह कार्यक्रम भी देखा। अंतर साफ है—यहां लगातार कुर्सियां बिछाई जा रही हैं ताकि सभी बैठ सकें। उधर सरकार के कार्यक्रम में खाली कुर्सियां हटाई जा रही थीं ताकि तस्वीरें ढकी रहें।”
उन्होंने यह भी कहा कि किसी मुख्यमंत्री को बदले की राजनीति नहीं करनी चाहिए। मैं 28 साल से विधायक हूं, लेकिन इस तरह के प्रतिशोध की राजनीति मैंने कभी नहीं देखी। यहां तो अपने ही विधायकों और पूर्व विधायकों तथा उनके परिजनों पर केस दर्ज करवाए जा रहे हैं। उनकी जमानत न हो, ऐसा दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस का सफाया होना तय है। दहाई का आंकड़ा भी कांग्रेस पर नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिहार में जाकर चुनाव के दौरान प्रदेश की उपलब्धियां को लेकर डटकर झूठ बोला है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता के जहां में वर्तमान सरकार की कोई भी ऐसी उपलब्धि नहीं है जिसे याद रखा जा सके या लोगों की जुबान पर उसका जिक्र हो।
*फिर राष्ट्रीय कैनवास… मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र*
जयराम ठाकुर ने मोदी सरकार की कार्यशैली की तारीफ भी जमकर की। उन्होंने कहा—भारत की साख दुनिया में बढ़ी है। धारा 370 समाप्त करना, प्रभु राम मंदिर निर्माण, कोविड संकट में स्वदेशी वैक्सीन उपलब्ध कराना, महिला आरक्षण विधेयक पास करवाना—ये सब ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं।
उन्होंने कहा कि “जब देश में एक अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री थे तब भारत 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था था। आज मोदी जी के नेतृत्व में हम दुनिया की चौथी आर्थिक शक्ति बन चुके हैं। उन्होंने कहा मोदी जी है तो कुछ भी मुमकिन है।
भरेटा गांव में आज के इस समारोह में जहां महिला शक्ति के सम्मान की तस्वीरें स्मरणीय रहीं—वहीं मंच से उठे सियासी स्वर भी स्पष्ट संकेत दे गए कि आने वाले दिनों में हिमाचल की राजनीति और तेज़ होगी। भरेटा की इस दोपहर में महिला सम्मान और राजनीतिक फ्लेवर दोनों का रंग गाढ़ा था—और हमीरपुर इस लाइव माहौल का गवाह बना।
*मिसाल—महिलाओं की आवाज़ में जोश और जयराम की आवाज़ में तेवर*
भरेटा का कार्यक्रम आज सिर्फ सम्मान का समारोह नहीं था। ये एक मैसेज भी था कि महिला शक्ति मैदान में है और भाजपा—पूरे राजनीतिक पैमाने पर फिर से नैरेटिव सेट करना चाहती है।
मंच पर महिलाएं सम्मानित हो रही थीं और मंच से सियासत की तलवार भी झिलमिला रही थी। भरेटा के इस समारोह में “सम्मान” और “सियासत”—दोनों की धड़कन तेज़ थी।
हमीरपुर की इस मिट्टी ने आज दोनों की गूंज को प्रत्यक्ष सुना।


Author: Polkhol News Himachal









