

-
मानवता के लिए मिसाल बन रहे निस्वार्थ संस्था के सराहनीय कार्य
-
संधोल के विकलांग रोहित कुमार के घर पहुंची निस्वार्थ भाव सेवा संगठन की टीम, डॉ. सुरेन्द्र सिंह डोगरा ने बढ़ाया मदद का हाथ
संजय ठाकुर | ऊहल

मानवता और सेवा की एक और मिसाल कायम करते हुए निस्वार्थ भाव सेवा संगठन हमीरपुर के प्रमुख डॉ. सुरेन्द्र सिंह डोगरा ने अपनी टीम के साथ संधोल क्षेत्र के कोठुआं निवासी रोहित कुमार के घर पहुंचकर सहायता प्रदान की। डॉ. डोगरा के साथ संगठन के सदस्य जीवन राम, अनिल धीमान और भोला भी मौजूद रहे। रोहित कुमार, जो 80 प्रतिशत से अधिक विकलांग हैं, लंबे समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। उनकी पत्नी एक हादसे के बाद घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद वे अपनी छोटी बेटी की परवरिश और शिक्षा को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।

मौके पर डॉ. सुरेन्द्र सिंह डोगरा ने रोहित कुमार की स्वास्थ्य जांच की और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तत्काल आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। साथ ही संगठन ने एक वर्ष के लिए राशन की भी व्यवस्था की। डॉ. डोगरा ने कहा कि रोहित कुमार की बेटी की पढ़ाई और उसके भविष्य की जिम्मेदारी अब निस्वार्थ भाव सेवा संगठन उठाएगा। संगठन ने उनकी दवाइयों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी वादा किया।
ये भी पढ़ें : भोरंज में भाजपा की अंदरूनी जंग तेज — टिकट तिकड़ी की तकरार से कांग्रेस को मिल सकता है सीधा फायदा
डॉ. डोगरा ने कहा, “मानवता का असली अर्थ सिर्फ दया नहीं, बल्कि जरूरत के वक्त किसी का सहारा बनना है। हमारा उद्देश्य हर उस व्यक्ति तक पहुंचना है, जिसे समाज ने भुला दिया है।” गौरतलब है कि कुछ दिन पहले डॉ. डोगरा को रोहित कुमार की कठिन परिस्थितियों की जानकारी मिली थी। उन्होंने फोन पर मदद का आश्वासन दिया था और अब स्वयं घर पहुंचकर अपना वादा निभाया।
निस्वार्थ भाव सेवा संगठन ने अब तक दर्जनों जरूरतमंद परिवारों को सहायता प्रदान कर समाज में करुणा, संवेदना और सेवा की नई दिशा दी है।


Author: Polkhol News Himachal









