
Himachal Weather: किन्नाैर, लाहाैल-स्पीति के रिहायशी इलाकों ने ओढ़ी बर्फ की चादर, ठंड बढ़ी
पोल खोल न्यूज़ । शिमला

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। किन्नाैर, लाहाैल-स्पीति के ऊंचाई वाले रिहायशी इलाकों में बर्फबारी से शीतलहर बढ़ गई है। धाैलाधार सहित चंबा की चोटियों पर भी बर्फबारी हुई है। किन्नौर के ऊपरी इलाके बर्फ की मोटी सफेद चादर से ढक गए हैं। भारत-तिब्बत सीमा से सटे प्रसिद्ध पर्यटन स्थाल छितकुल गांव में ढाई से तीन इंच बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद पूरी घाटी चांदी की तरह चमक उठी है। छितकुल में सीजन की यह दूसरी बर्फबारी है। बर्फबारी की वजह से जिला मुख्यालय रिकांगपिओ और निचले क्षेत्र रामपुर में भी ठंड बढ़ गई है। रामपुर में सुबह से हल्के बादल छाए हैं। शिमला में धूप खिली हुई है।
ताजा बारिश-बर्फबारी से पारा और गिर गया है। शिमला में भी रातें और ठंडी होने लगी हैं।
ये भी पढ़ें:गुरु नानक जयंती विशेष : मणिकरण में पड़े प्रथम पातशाह के पावन पग—हिंदू-सिख एकता का अद्वितीय प्रतीक
11 नवंबर तक ऐसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज लाहाैल-स्पीति, किन्नाैर, चंबा और कुल्लू जिले में कुछ स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना है। जबकि कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर व बिलासुपर जिले के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 6 से 11 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मध्य-उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना जताई है। इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।


Author: Polkhol News Himachal









