
जयसिंहपुर की बेटी पलवी ठाकुर — आलमपुर से महाराष्ट्र तक की उड़ान
पोल खोल न्यूज़ | जयसिंहपुर
हिमाचल प्रदेश के जयसिंहपुर उपमंडल के आलमपुर गाँव की बेटी पलवी ठाकुर, वीरेंद्र ठाकुर (वीरेंद्र काकू) की होनहार संतान हैं। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति जुनून रखने वाली पलवी ने HPCA अंडर-14 टीम से अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की और अब महाराष्ट्र अंडर-19 महिला टीम की प्रमुख खिलाड़ी बन चुकी हैं।
इन दिनों चल रही महिला अंडर-19 रणजी टी-20 ट्रॉफी में पलवी ने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने मात्र पाँच मैचों में एक हैट्रिक सहित 14 विकेट झटके हैं और इस सीज़न की सबसे अधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज़ बनी हैं।
तेज़ रफ़्तार गेंदबाज़ी, सटीक लाइन-लेंथ और बेहतरीन फील्डिंग — यही है पलवी ठाकुर की पहचान। पिता का सहयोग और माँ की दुआओं ने उनकी मेहनत को नई उड़ान दी है।
आलमपुर से महाराष्ट्र तक का यह सफ़र, संघर्ष, सपनों और सफलता की प्रेरणादायक कहानी है। पलवी ठाकुर आज हर उस बेटी के लिए मिसाल हैं, जो अपने दम पर इतिहास लिखने का हौसला रखती है।


Author: Polkhol News Himachal









