

बुलंदशहर : करवा चौथ पर बुजुर्ग दंपती ने जहर खाकर दी जान, पत्नी को गंगा स्नान के बहाने लाया था पति
पोल खोल न्यूज । बुलंदशहर

एक ओर जहां सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखती है तो वहीं बुलंदशहर से दुखद खबर सामने आई है। शुक्रवार को बुजुर्ग दंपती ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
अतरौली कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर बढ़ेरा गांव के रहने वाले 72 वर्षीय पूरन सिंह और उनकी 70 साल की पत्नी चमेली देवी में अक्सर विवाद होता था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह दोनों में कहासुनी हुई। इसके बाद पूरन सिंह ने अपने पत्नी को गंगा स्नान के बहाने सुबह लगभग 8 बजे घर से राम घाट लेकर गए। 10 बजे दोनों ने राम घाट बाजार के पास जहर खा लिया। जहर खाने के बाद अचानक से दोनों गिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना राम घाट पुलिस को दी।
ये भी पढ़ें:शिमला में बरसे बादल, हिमाचल में आज से 16 अक्तूबर तक मौसम साफ
सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां पूरन सिंह की मौत हो चुकी थी, जबकि पत्नी चमेली देवी की हालत गंभीर होने पर अस्पताल भिजवाया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। राम घाट पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग दंपती का बेटा गाजियाबाद में नौकरी करता है। एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। गांव में बहू, तीन नातियों के साथ बुजुर्ग दंपती रहते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Author: Polkhol News Himachal









