
Himachal : भारी बारिश-बर्फबारी से प्रदेश में बढ़ी ठंड, लाहाैल में सेब को नुकसान
पोल खोल न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश में बदले मौसम के बीच सात साल बाद पहाड़ों पर अक्तूबर के पहले हफ्ते में बर्फबारी दर्ज हुई है। चार दिनों से राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति, कुल्लू और चंबा के ऊंचे इलाकों में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। कड़ाके की ठंड से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। लाहौल में असामयिक बर्फबारी आफत बन गई है। पिछले चार दिनों से लगातार जारी बर्फबारी से सेब से लदे पेड़ों को भारी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर सेब के बगीचों में टहनियां टूट गईं और फल भी गिर रहे हैं। बागवानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें पड़ गई हैं। प्रदेश के कई भागों में आज भी बारिश हो रही है। शिमला में भी दोपहर तक रुक-रुककर बारिश जारी रही।
24 घंटों के दौरान कुछ स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 5-6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। अधिकतम तापमान अधिकांश स्टेशनों पर सामान्य से 7-14 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
ये भी पढ़ें :बिलासपुर हादसे में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये देगी सरकार : सीएम सुक्खू
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 8 अक्तूबर को कुछ मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 9 व 10 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 11 अक्तूबर से पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। उसके बाद अगले 3-4 दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 6-10 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।


Author: Polkhol News Himachal









