best news portal development company in india

दस दिन में बैंक खाते से आधार नंबर नहीं जुड़ा तो इतने छात्रवृत्ति आवेदन होंगे रद्द

SHARE:

दस दिन में बैंक खाते से आधार नंबर नहीं जुड़ा तो इतने छात्रवृत्ति आवेदन होंगे रद्द

पोल खोल न्यूज़ | शिमला

दस दिन में बैंक खातों से आधार नंबर नहीं जुड़ने पर हिमाचल प्रदेश के 1053 विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति आवेदन रद्द हो जाएंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने पीएम यशस्वी प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थियों को इस बाबत अंतिम चेतावनी जारी की है। बताते चलें कि शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लंबित छात्रवृत्ति मामलों के तत्काल निपटान के प्रिंसिपलों को सोमवार को निर्देश जारी किए गए हैं। आवश्यक जानकारी अपडेट नहीं होने के चलते पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

अतिरिक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. हरीश कुमार की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया कि शैक्षणिक वर्ष 2023-24 में केंद्र और राज्य प्रायोजित पीएम यशस्वी प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति राशि जारी करने में अड़चनें सामने आई हैं।

ये भी पढ़ें:Himachal : जमीन की ऑनलाइन रजिस्ट्री सुविधा शुरू, बनेंगे नियम

 

छात्रों के बचत बैंक खातों का आधार नंबर से सीड न होना इसका मुख्य कारण है। इसको लेकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने सभी जिलों, शिक्षण संस्थानों और छात्रों को दस दिन के भीतर यह प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश जारी किए हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार ने हिमाचल सहित सभी राज्यों को निर्देशित किया है कि शैक्षिक सत्र 2023-24 के लंबित छात्रवृत्ति मामलों का तत्काल निपटान किया जाए। जो छात्र अपने बैंक खाते को आधार से लिंक नहीं करवाएंगे, उनके मामले बजट बाध्यता के कारण लैप्स माने जाएंगे और छात्रवृत्ति राशि जारी नहीं की जा सकेगी।

उधर, शिक्षा निदेशालय ने शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों और छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे विद्यार्थियों को बैंक खाता आधार से जोड़ने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं। सुनिश्चित करें कि संस्थान के स्तर पर कोई भी पात्र विद्यार्थी इस कारण से छात्रवृत्ति से वंचित न रह जाए। निदेशालय ने सलाह दी है कि जिन विद्यार्थियों के पास बैंक खाता नहीं है या जिनका खाता आधार से सीड नहीं हो पा रहा, उन्हें इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में खाता खोलने के लिए मार्गदर्शन किया जाए।

इस बैंक की ग्रामीण, दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों में व्यापक पहुंच होने के कारण, यह छात्रों के लिए एक व्यावहारिक विकल्प बताया गया है। निदेशालय ने जिलावार उन विद्यार्थियों की सूची भी जारी की है जिनके आवेदन राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर वर्ष 2023-24 योजना के तहत वेरिफाई किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक उनके बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हुए हैं। इन विद्यार्थियों को संबंधित संस्थान के माध्यम से दोबारा सूचित किया गया है कि वे 10 दिनों के भीतर यह कार्य पूर्ण करें।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now