best news portal development company in india

प्रिंसिपल रजनीश रांगड़ा के प्रयास लाए रंग, टौणी देवी स्कूल में एन.सी.सी. की शुरुआत

SHARE:

प्रिंसिपल रजनीश रांगड़ा के प्रयास लाए रंग, टौणी देवी स्कूल में एन.सी.सी. की शुरुआत

रजनीश शर्मा। हमीरपुर

हमीरपुर जिला के सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थाओं में शुमार राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में शिक्षा का एक नया अध्याय जुड़ गया है। विद्यालय में जूनियर विंग एन.सी.सी. (राष्ट्रीय कैडेट कोर) की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इस पहल के तहत विद्यालय को 50 सीटें प्राप्त हुई हैं। प्रिंसिपल रजनीश रांगड़ा के गत तीन वर्षों से जारी प्रयासों से यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। उधर विद्यालय प्रशासन का मानना है कि इससे छात्रों में अनुशासन, फिटनेस और सेवा भावना का विकास होगा, साथ ही उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण निखार भी संभव होगा।

प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने बताया कि जब उन्होंने लगभग तीन वर्ष पूर्व विद्यालय का कार्यभार संभाला था, तो यह जानकर आश्चर्य हुआ कि इतनी पुरानी और अग्रणी पाठशाला में एन.सी.सी. विंग मौजूद नहीं है। तभी से उन्होंने इसे शुरू करने का संकल्प लिया और निरंतर प्रयास जारी रखे और सभी के प्रयासों का ही परिणाम है कि आज विद्यालय के छात्रों को स्काउट्स-गाइड्स और एन.एस.एस. के साथ-साथ एन.सी.सी. का भी विकल्प उपलब्ध हो गया है। यह न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि टौणी देवी सैनिक परंपराओं से जुड़ा क्षेत्र है और यहां के बच्चों में एन.सी.सी. के प्रति गहरी रुचि और उत्साह स्वाभाविक है।

ये भी पढ़ें:सुजानपुर में खुला जलशक्ति विभाग का डिविजन कार्यालय, विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने किया शुभारंभ

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि विद्यालय से +2 करने के बाद पूर्व छात्रा आनंदिता ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है, जबकि अनुराधा अगले वर्ष प्रतिनिधित्व करेगी जोकि पाठशाला के साथ साथ समस्त क्षेत्र के लिए गर्व की बात है एन.सी.सी. छात्रों को अनुशासित नागरिक बनाने के साथ ही उन्हें भविष्य में सेना और अन्य सेवाओं में अवसर प्राप्त करने के मार्ग भी प्रशस्त करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि एन.सी.सी. से जुड़कर छात्र-छात्राएँ देशभक्ति और सेवा भावना से प्रेरित होकर आगे बढ़ेंगे तथा यह अनुभव उनके भविष्य के करियर में भी सहायक सिद्ध होगा। एन.सी.सी. प्रभारी सुरेश चौहान ने बताया कि जूनियर विंग की शुरुआत के अंतर्गत कक्षा नवमी के छात्रों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया के लिए एन.सी.सी. 4 एच पी बटालियन हमीरपुर की ओर से अधिकारी आनरेरी कैप्टेन पूनम कुमार, हवलदार केवल सिंह और हवलदार विजय कुमार विशेष रूप से विद्यालय में उपस्थित रहे वहीँ स्कूल प्रशासन ने कर्नल जी पी सिंह का धन्यबाद किया। उन्होंने छात्रों का शारीरिक परीक्षण, अनुशासन, चाल-ढाल और फिटनेस का आकलन किया।

चयन प्रक्रिया में कुल 32 में से 10 छात्राओं और 15 छात्रों का चयन हुआ। चयनित छात्रों ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि एन.सी.सी. से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है। इससे वे न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनेंगे बल्कि अनुशासन और देशभक्ति की भावना से भी परिपूर्ण होंगे। विद्यालय में इस नई पहल ने सकारात्मक वातावरण का संचार किया है। विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस पहल का स्वागत किया और कहा कि एन.सी.सी. से जुड़कर बच्चों का व्यक्तित्व और भी निखरेगा। उन्हें भविष्य की प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं तथा सेवाओं में भी लाभ मिलेगा। शिक्षकों का मानना है कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों को जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती हैं। क्षेत्रवासियों ने भी विद्यालय प्रशासन और प्रधानाचार्य के प्रयासों की सराहना की।

उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में एन.सी.सी. जैसी सुविधा मिलना बच्चों के लिए वरदान है और यह अवसर निश्चित ही उन्हें नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा। पाठशाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विकास शर्मा ने भी इस कदम को विद्यालय और क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में यहां के बच्चे एन.सी.सी. के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। एन.सी.सी. की इस शुरुआत से विद्यालय में उत्साह और उमंग का नया वातावरण बना है। बच्चों के चेहरों पर गर्व और आत्मविश्वास की चमक साफ झलक रही है। यह केवल एक संगठन की स्थापना नहीं, बल्कि भविष्य की उन असीम संभावनाओं का द्वार है जिनसे छात्र-छात्राएँ अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता के साथ नई पहचान बना सकेंगे।

 

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now