
भोरंज (Hamirpur) : बेटे ने ही कर दी मां की हत्या, 5 दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
पोल खोल न्यूज़ | भोरंज (हमीरपुर)
जिला हमीरपुर के थाना भोरंज के तहत बैलग गांव में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। पूर्व सैनिक की पत्नी सोमलता (52) की हत्या उसके ही बेटे अभय कुमार (22) ने कर दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के दौरान आरोपी बेटे ने तैश में आकर घर में रखी प्रेस (इस्त्री) से अपनी मां के सिर पर वार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए नकाबपोश युवकों की झूठी कहानी गढ़ी। उसने कहा कि कुछ युवक घर में घुसे, उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसकी मां की हत्या कर दी।
ये भी पढ़ें: हिमाचल : ब्यास नदी पर बिजली प्रोजेक्टों के लिए सख्त होंगे नियम
परिवार को शक तब हुआ जब आरोपी के चाचा संजय ने उसे आवाज लगाई, लेकिन ऊपर से कोई जवाब नहीं मिला। जब वह दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो सोमलता खून से लथपथ पड़ी थी और अभय भी अचेत होने का नाटक कर रहा था। महिला को तुरंत सिविल अस्पताल भोरंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान अभय की कहानी झूठी साबित हुई। घर में जबरन प्रवेश के कोई सबूत नहीं मिले और न ही किसी को आते-जाते देखा गया। वहीं, घटनास्थल पर आरोपी के खून से सने कपड़े और एक रेंच पुलिस ने बरामद कर लिए। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और वीरवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Author: Polkhol News Himachal









