

Himachal: दुश्वारियां बरकरार, राज्य में भूस्खलन से 1292 सड़कें बंद
पोल खोल न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को माैसम तो कुछ खुल गया लेकिन दुश्वारियां बरकरार हैं। राज्य में जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं लगातार हो रही हैं। राज्य में छह नेशनल हाईवे सहित 1,292 सड़कें बंद हैं। 2,809 बिजली ट्रांसफार्मर व 1,081 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। चंबा जिले में 204, कुल्लू 225, मंडी 293, शिमला 216, सिरमाैर 91, सोलन 71 व कांगड़ा जिले में 53 सड़कें ठप हैं। बिजली-पानी की आपूर्ति और सड़कें ठप होने से ग्रामीण क्षेत्रों में मुश्किलें बढ़ गई हैं। राज्य के सरकारी-निजी स्कूल, काॅलेज, विवि, डाइट, तकनीकी संस्थान 7 सितंबर तक बंद रखे गए हैं लेकिन कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली नहीं होने से ऑनलाइन कक्षाएं भी नहीं हो पा रही हैं।
वहीं, तीन दिन के अंदर कुल्लू जिला मुख्यालय में भूस्खलन की चौथी घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह भूस्खलन की चपेट में दो मकान और आ गए। एक की मौत हो गई है, जबकि तीन लोगों को बचा लिया गया। अभी भी छह लोग मलबे में दबे हैं। इसमें एक महिला भी शामिल है। पिछले कल हुई घटना के दोनों शव भी अभी मलबे में दबे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे कुल्लू में भूस्खलन हुआ। मलबे के साथ भारी चट्टानें गिरी हैं। इसकी चपेट में आने से इनर अखाड़ा बाजार में दो घरों में नुकसान हुआ। एनडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चला रहा है। एक महिला और पांच कश्मीरी मजदूर अभी भी घर के अंदर मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। एडीसी कुल्लू अश्विनी कुमार और एसडीएम निशांत कुमार मौके पर मौजूद हैं।
ये भी पढ़ें: एक बार फिर मिसाल बना निस्वार्थ सेवा संगठन, चबूतरा पीड़ितों की मदद के लिए आगे आयी संस्था
10 सितंबर तक ऐसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कुछ भागों में 10 सितंबर तक बारिश का दाैर जारी रहेगा। आज कुछ भागों में बारिश के आसार हैं। शिमला में भी रात से सुबह तक रुक-रुककर बारिश हुई।

हिमाचल प्रदेश में जारी बारिश के बीच मानसून सीजन के दौरान अभी तक कुल 3,69,041.76 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 3 सितंबर तक 343 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 398 लोग घायल हुए हैं। 43 लोग अभी भी लापता हैं। इस दौरान 160 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई है। बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 5,319 कच्चे-पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। 4,244 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 1,908 पालतु पशुओं की मौत हुई है।
उधर, सोलन जिले के धर्मपुर में बारिश के बाद बठोल गांव में भूस्खलन होने से तीन घरों में दरारें आ गईं । एहतियातन घरों को खाली करवा दिया गया है। यहां पर लगातार भूमि कटाव हो रहा है। इससे पूरे गांव को खतरा मंडराया हुआ है। लोगों के खेतों में भी गहरी दरारें पड़ गई हैं। धर्मपुर पंचायत के उप प्रधान अजय गरचा ने माैके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया।



Author: Polkhol News Himachal


